
जम्मू के साउथ जोन में सुरक्षा की मजबूती के लिए एसपी साउथ जम्मू ने फलियां मंडल में विलेज डिफेंस गार्ड्स (वीडीजी) के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। एसएसपी जम्मू के निर्देशानुसार यह समीक्षा मौजूदा सुरक्षा जाल का मूल्यांकन, तैयारियों की पड़ताल, एजेंसियों के बीच तालमेल बढ़ाने और इन सीमावर्ती योद्धाओं का हौसला अफजाई करने पर केंद्रित रही। अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से ड्रग्स समेत सामान गिराने की घटनाओं का सामना करने वाली ये पहली कतार के रक्षक हैं।
बैठक में क्षेत्रीय खुफिया, ऑपरेशनल तैयारी और निगरानी पर जोर दिया गया। एसपी ने वीडीजी की स्थानीय जानकारियों और सजगता को शत्रु गतिविधियों को विफल करने में कारगर बताया। एसडीपीओ साउथ, एसएचओ सतवारी, आईसीपीपी फलियां और बीट अधिकारियों के साथ वेतनभोगी व स्वयंसेवी वीडीजी की समस्याएं सुनीं और तत्काल समाधान का भरोसा दिलाया।
उनके समर्पण व अनुशासन की तारीफ करते हुए सतर्कता, शारीरिक फिटनेस व तैनाती readiness के लिए प्रोत्साहित किया। वीडीजी की गौरवशाली परंपरा का जिक्र कर शौर्य चक्र जैसे सम्मानों को याद दिलाया और उसी स्तर की बहादुरी बनाए रखने को कहा।
खुफिया साझा करने व खतरे पर त्वरित कार्रवाई के लिए सभी एजेंसियों में समन्वय जरूरी बताया। संदिग्ध हरकतों, ड्रोन घटनाओं या घुसपैठ पर तुरंत सूचना देने के निर्देश दिए। रात्रि प्रभुत्व के लिए पुलिसकर्मी सहित छोटे गश्ती दलों का सूर्यास्त से सूर्योदय तक संचालन तय किया, सभी विवरण सेना-बीएसएफ से साझा होंगे।
हथियारों की जांच कर रखरखाव व सुरक्षित उपयोग के निर्देश दिए। बैठक सकारात्मक रही, जम्मू पुलिस ने सीमावर्ती शांति के लिए वीडीजी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर लड़ने का संकल्प दोहराया।