
लखनऊ, 13 मई। समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा ने प्रतीक यादव की रहस्यमयी मौत पर गहरा शोक जताते हुए विशेष जांच की मांग की है। मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक के निधन के पूरे मामले पर सवाल खड़े करते हुए उन्होंने कहा कि उनके शरीर पर चोट के निशान थे, इसलिए जांच जरूरी है।
आईएएनएस से विशेष बातचीत में विधायक मेहरोत्रा ने स्पष्ट दावा किया कि प्रतीक अस्पताल पहुंचने से पहले ही चल बसे थे। उन्होंने बताया, ‘मुझे पता चला कि पोस्टमार्टम क्यों हो रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि मौत सामान्य नहीं, बल्कि संदिग्ध है। शरीर पर चोट के निशान भी दिखे।’
मेहरोत्रा ने आगे कहा, ‘वह युवा थे, जिम में कड़ी मेहनत करते थे। डॉक्टर तक पहुंचे बिना ही उनका निधन हो गया। सामान्य मौतों में पोस्टमार्टम नहीं होता, सिर्फ संदेहास्पद मामलों में। इसलिए मौत का कारण जानने के लिए जांच होनी चाहिए।’
इससे पहले सपा प्रवक्ता शौकत अली ने भी जांच की मांग की। उन्होंने कहा, ‘हमने एक समर्पित युवा को खो दिया। इस घटना के हर पहलू की जांच जरूरी है ताकि सच्चाई सामने आए।’
सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने शोक व्यक्त करते हुए कहा, ‘सुबह यह दुखद खबर मिली। विश्वास नहीं हो रहा। ईश्वर परिवार को यह आघात सहने की शक्ति दे।’
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, लेकिन सपा नेताओं की मांग तेज हो रही है। प्रतीक की मौत ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है।
