
मुंबई, 14 फरवरी। वैलेंटाइन डे के मौके पर जहां जोड़ों का जोर एक-दूसरे के प्रति प्यार जताने पर है, वहीं अभिनेत्री स्मृति ईरानी ने ‘सेल्फ लव’ को अपनाने का संदेश दिया है। अपनी आकर्षक मुस्कान वाली फोटो के साथ इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए उन्होंने लिखा कि आज की दुनिया में प्यार को शोर-शराबे, गुलाबों के वादों, मोमबत्तियों की चमक और शुभकामना कार्डों से मापा जाता है, लेकिन असली प्यार शांत होता है – खुद से प्यार करना।
‘बिना किसी तालियों के, बिना किसी के सहारे, अपनी आत्मा को इतना मजबूत बनाओ कि कोई तूफान तुम्हें निराशा के सागर में न डुबो सके,’ उन्होंने कहा। आगे जोड़ा, ‘खुद को अपना सुरक्षित ठिकाना बनाओ, अपनी धड़कन को संभालो, अपना घर खुद में बसाओ। तब प्यार पीछा करने जैसा नहीं, शांति जैसा लगेगा।’
यह पोस्ट न केवल प्यार की नई परिभाषा देता है, बल्कि मुश्किलों में खड़े होने की प्रेरणा भी। फैंस ने दिल वाले इमोजी से भरा दिया और बधाइयां दीं। टीवी पर वापसी के साथ उनका शो बॉडी शेमिंग और महिला सशक्तिकरण जैसे मुद्दों पर केंद्रित है, जो ‘अनुपमा’ को ट्रपी में कड़ी टक्कर दे रहा है। स्मृति का संदेश सिखाता है कि सच्चा प्यार पहले खुद से शुरू होता है।