
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने की जोरदार अपील की। उन्होंने कहा कि हादसे के समय लोग वीडियो बनाने में व्यस्त हो जाते हैं, लेकिन अस्पताल पहुंचाने से जिंदगी बच सकती है।
भोपाल से ग्वालियर जाते समय एक घटना का जिक्र करते हुए चौहान ने बताया कि सड़क किनारे अचेत युवक को देखकर उन्होंने गाड़ी रोकी। भीड़ तो थी, लेकिन कोई मदद को तैयार नहीं। उन्होंने खुद युवक को अस्पताल ले जाकर इलाज की पुख्ता व्यवस्था की।
देश में हर साल डेढ़ लाख से ज्यादा लोग सड़क हादसों में मरते हैं। गोल्डन ऑवर में उपचार से 50 फीसदी जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।
चौहान ने भावुक होकर कहा कि हमारी छोटी मदद से मां की कोख सूनी नहीं होगी, बच्चे अनाथ नहीं होंगे। जीवन रक्षा सबसे बड़ा धर्म है। मदद करने से कानूनी पचड़े का डर न पालें, सरकार अब ऐसे लोगों को प्रोत्साहित करती है। यह अपील हर नागरिक के लिए मार्गदर्शक बनेगी।