
नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने साफ शब्दों में कहा कि किसानों के हितों के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कृषि क्षेत्र की प्रगति पर संतोष जाहिर किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चावल उत्पादन में भारत विश्व के शीर्ष पर पहुंच गया है। गेहूं उत्पादन में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और खाद्यान्न उत्पादन 33 प्रतिशत बढ़ा है।
चौहान ने बताया कि शेष कमियों को दूर करने के लिए विस्तृत योजना तैयार है। भारत को विश्व का खाद्य टोकरी बनाने का लक्ष्य हासिल करने के लिए उच्च गुणवत्ता वाले फल-सब्जियों पर जोर दिया जा रहा है। प्रक्रियाओं को सरल बनाने से किसानों को परेशानियों से मुक्ति मिलेगी।
भारत विस्तार प्लेटफॉर्म की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि यह किसानों के लिए वरदान साबित होगा। बिना आईटी ज्ञान के कोई भी सवाल पूछें, जवाब तुरंत मिलेगा। जल्द ही इसे कई भाषाओं में लॉन्च किया जाएगा।
कृषि विज्ञान मेले का जिक्र करते हुए चौहान ने कहा कि इससे किसानों को आधुनिक खेती की पूरी जानकारी मिलेगी। यह मेला कृषि परिवर्तनों को समझाने का बेहतरीन माध्यम बनेगा, ताकि भविष्य में कोई समस्या न हो।