
बांग्लादेश में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की चुनावी जीत पर शिवसेना नेता कृष्णा हेगड़े ने बधाई दी है, लेकिन साथ ही हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों को तत्काल बंद करने की मांग की है। मुंबई से बातचीत में हेगड़े ने कहा कि तारिक रहमान जैसे प्रमुख नेता के नेतृत्व में भारत-बांग्लादेश संबंध और मजबूत होंगे।
तारिक रहमान अपनी मां खालिदा जिया की तरह प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। हम आशा करते हैं कि उनके शासनकाल में व्यापार बढ़ेगा, भाईचारा कायम रहेगा और विदेशी रिश्ते सुगम होंगे। लेकिन सबसे जरूरी है कि हिंदुओं व अन्य अल्पसंख्यकों पर अत्याचार पूरी तरह समाप्त हो जाएं।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर विपक्ष की आलोचना को खारिज करते हुए हेगड़े ने कहा कि मोदी सरकार में किसान सुरक्षित व सशक्त हैं। वंदे मातरम विवाद पर उन्होंने जमीयत उलेमा-ए-हिंद को लताड़ा। ‘यह अपनी मां यानी भारत माता को नमन करना है। भारत में रहने वाले हर व्यक्ति को इसका सम्मान करना चाहिए, बिना धार्मिक चश्मे के।’
राहुल गांधी की सदस्यता रद्द करने की मांग पर समर्थन देते हुए हेगड़े ने कहा कि वे देशविरोधी बयान देते हैं, ऑपरेशन सिंदूर का विरोध करते हैं और विदेशों में भारत को बदनाम करते हैं। ऐसी गतिविधियों के लिए उन्हें लोकसभा से बाहर किया जाना चाहिए।