
वाराणसी। पातालपुरी मठ के जगद्गुरु बालक देवाचार्य जी महाराज ने शंकराचार्य पर लगे गंभीर आरोपों को लेकर गहरी चिंता प्रकट की है। उन्होंने कहा कि यदि ये आरोप सही साबित हुए तो संतों पर लोगों का भरोसा डगमगा जाएगा।
समाचार एजेंसी से बातचीत में जगद्गुरु ने कहा, ‘मुझे यह बात गलत लग रही है। अगर गलती से भी यह सही हो गया तो सभी संतों की साख पर बट्टा लगेगा। आसाराम बापू कांड से उबरने में वर्षों लगे थे। हमने तब कहा था कि वे अपना अलग संप्रदाय चलाते थे। भगवान से प्रार्थना है कि शंकराचार्य निर्दोष साबित हों।’
उन्होंने कहा कि संतों पर इस तरह के आरोप लगाना सरल है, लेकिन सहना कठिन। गोस्वामी कृष्णदेवराय के उद्धरण से उन्होंने बताया कि वासना अत्यंत शक्तिशाली है। संत भजन-कीर्तन में लीन रहकर काम-क्रोध-मोह से मुक्ति की प्रार्थना करते हैं।
यह मामला अदालत में है, इसलिए वे कुछ नहीं कह सकते। प्रयागराज लाठीचार्ज पर उन्होंने नाराजगी जताई। सड़क पर लाठियां चलाने वाले अधिकारियों को निलंबित किया जाए। सीएम योगी आदित्यनाथ पूजनीय हैं, जिन्होंने यूपी के मठ-मंदिरों का उद्धार किया, लेकिन यह सनातनी भूमि ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं करेगी। भारत संतों, ब्राह्मणों और गौमाता की धरती है।
