
मुंबई का फिल्म जगत हलचल में है। शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘ओ रोमियो’ 13 फरवरी को रिलीज होने वाली है, लेकिन अब इस पर कानूनी संकट मंडरा रहा है। हुसैन ‘उस्तारा’ शेख की बेटी सनोबर शेख ने कोर्ट में याचिका दायर कर फिल्म पर रोक लगाने की गुहार लगाई है। उनका आरोप है कि ट्रेलर में उनके पिता को सनकी गैंगस्टर के रूप में गलत तरीके से पेश किया गया है, जबकि वास्तविकता में उन्होंने मुंबई और पूरे देश में अपराधियों के खिलाफ पुलिस व खुफिया एजेंसियों की मदद की थी।
सनोबर का कहना है कि इससे उनके परिवार को अपूरणीय क्षति पहुंचेगी। याचिका में दावा किया गया है कि फिल्म उनके पिता की जिंदगी पर आधारित है और विशाल भारद्वाज व हुसैन जैदी ने इसे गैंगस्टर की कहानी बना दिया। उन्होंने पुलिस थाने में भी शिकायत दर्ज कराई है। आज कोर्ट में इस मामले की सुनवाई होनी है, जो फिल्म की रिलीज तय कर सकती है।
फिल्म हुसैन जैदी की किताब ‘माफिया क्वींस ऑफ मुंबई’ से प्रेरित बताई जाती है, जिसमें शाहिद का किरदार उस्तारा शेख से मिलता-जुलता है। हालांकि, फिल्ममेकर्स का कहना है कि यह पूरी तरह काल्पनिक कहानी है। जैदी ने हालिया इंटरव्यू में स्पष्ट किया कि यह आंशिक प्रेरणा पर बनी कलात्मक रचना है। मनोज बाजपेयी की ‘घूसखोर पंडत’ विवाद के बाद यह दूसरा बड़ा मामला है। क्या कोर्ट फिल्म रोकेगा या रिलीज को हरी झंडी देगा? पूरी इंडस्ट्री निगाहें लगाए है।