
साइटिका का दर्द पीठ के निचले हिस्से से शुरू होकर कूल्हों, जांघों और पैरों तक फैल जाता है, जो रोजमर्रा की जिंदगी को मुश्किल बना देता है। यह समस्या साइटिक नर्व पर दबाव या सूजन के कारण होती है। अच्छी खबर यह है कि योग के धनुरासन से साइटिका दर्द में तेजी से राहत मिल सकती है। साइटिका के लक्षणों में तेज चुभन भरा दर्द, पैरों में सुन्नता, झनझनाहट या कमजोरी शामिल होती है। ज्यादातर केसों में हर्नियेटेड डिस्क या हड्डियों में स्पर्स इसके प्रमुख कारण होते हैं। फिजियोथेरेपी, आराम और नियमित योग अभ्यास से इसे नियंत्रित किया जा सकता है।
आयुष विशेषज्ञों के मुताबिक, धनुरासन साइटिका, स्लिप डिस्क और पीठ दर्द का रामबाण उपाय है। यह आसन साइटिक नर्व पर दबाव कम करता है, रीढ़ की हड्डी को मजबूत बनाता है और दर्द से मुक्ति दिलाता है। रोजाना अभ्यास से पीठ की मांसपेशियां लचीली हो जाती हैं। इसके अलावा, धनुरासन पाचन तंत्र को मजबूत करता है। कब्ज, अपच, गैस जैसी परेशानियों से राहत देता है क्योंकि यह पेट के अंगों को उत्तेजित करता है।
धनुरासन के अन्य फायदे भी कमाल के हैं। यह पीठ, कंधे और छाती की मांसपेशियों को टोन करता है, जिससे पोस्चर बेहतर होता है और कमर दर्द दूर रहता है। पेट की चर्बी घटाने, फेफड़ों की क्षमता बढ़ाने और अस्थमा जैसी सांस की समस्याओं में सहायक है। तनाव कम कर ऊर्जा बढ़ाता है। महिलाओं के लिए अनियमित पीरियड्स और दर्द में फायदेमंद। कुल मिलाकर, यह पूरे शरीर की लचीलापन बढ़ाता है और समग्र स्वास्थ्य सुधारता है।
धनुरासन कैसे करें: पेट के बल लेटें, एड़ियों को हाथों से पकड़ें, छाती और जांघों को ऊपर उठाएं तथा शरीर को धनुष के आकार में मोड़ें। शुरुआत में 10-20 सेकंड होल्ड करें, फिर समय बढ़ाएं। सावधानी: गर्भवती महिलाएं, हाई बीपी या गंभीर पीठ समस्या वाले डॉक्टर या योग एक्सपर्ट से सलाह लें। नियमित अभ्यास से साइटिका दर्द हमेशा के लिए अलविदा कहें।