
मुंबई। शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच को लेकर भाजपा और आईसीसी चेयरमैन जय शाह पर तीखा प्रहार किया है। रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने इन मुकाबलों को ‘पैसों का खेल’ करार देते हुए कहा कि इसमें भारी सट्टेबाजी होती है और सारा पैसा पाकिस्तान पहुंच जाता है।
राउत ने जय शाह को निशाने पर लेते हुए कहा कि अमित शाह के बेटे होने के कारण किसी की हिम्मत नहीं पड़ती बोलने की। अगर कोई और होता तो भाजपा सड़कों पर उतर आती। उन्होंने दावा किया कि पिछले मैच से 25,000 करोड़ रुपये पाकिस्तान गए, जो आतंकवादियों तक पहुंचे और पुलवामा, उरी जैसी घटनाओं का कारण बने।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ रोक सकती है सरकार, लेकिन क्रिकेट नहीं, क्योंकि इससे अरबों कमाई होती है। गुजरात-राजस्थान में भाजपा नेताओं के संरक्षण में सट्टा फल-फूल रहा है। राउत ने सवाल उठाया कि क्या मैच से कमाई ही भाजपा का हिंदुत्व है?
जनता इस मैच को नहीं चाहती। यह जय शाह बनाम पाकिस्तान बन गया है। पाकिस्तान आतंक को फंड करता है, लेकिन सरकार चुप्पी साधे है। राउत के बयान ने राजनीतिक हलचल मचा दी है।