राजद डूबती नाव, कोई चढ़ना ही नहीं चाहता: रामकृपाल यादव का तंज
दानापुर, बिहार। राज्यसभा चुनावों में महागठबंधन की करारी हार के बाद तेजस्वी यादव बिहार छोड़कर कोलकाता पहुंचे हैं। इस पर बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने कड़ा प्रहार किया और तेजस्वी को 'रणछोड़'...

दानापुर, बिहार। राज्यसभा चुनावों में महागठबंधन की करारी हार के बाद तेजस्वी यादव बिहार छोड़कर कोलकाता पहुंचे हैं। इस पर बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने कड़ा प्रहार किया और तेजस्वी को 'रणछोड़' करार दिया। उन्होंने राजद को ऐसी डूबती नाव बताया जिस पर कोई सवार होना ही नहीं चाहता।
मीडिया से बातचीत में यादव ने कहा कि हार मिलते ही तेजस्वी बिहार का मैदान छोड़ भागते हैं। जनता का मुंह ताकने की हिम्मत नहीं रखते। यही कारण है कि राजद की हालत पतली है। सत्ता से बेदखल होकर विपक्ष बने और अब विपक्ष से भी बाहर होने को तैयार हैं। बिहार में राजद-कांग्रेस का कोई भविष्य नहीं बचा। राज्यसभा में बड़े स्तर पर क्रॉस वोटिंग इसका प्रमाण है।
राजद को डूबती नाव बताते हुए उन्होंने कहा कि सभी अपनी जान बचाने और राजनीतिक भविष्य सुरक्षित करने के लिए इसे छोड़ भाग रहे हैं।
बंगाल की बात पर मंत्री ने ममता बनर्जी की विदाई तय बताई। वर्तमान विधायकों के टिकट काटने के फैसले को नाकामी का संकेत ठहराया। ममता के संरक्षण में आतंक, भ्रष्टाचार व गुंडागर्दी का राज चला, लेकिन अब बंगाल की जनता टीएमसी से पीछा छुड़ाने को बेताब है। मतदाताओं ने बड़े धुरंधरों को धूल चटा दी है।
ममता ने अपनी सरकार में तानाशाही चलाई, विपक्षियों की हत्या कराई, बोलने की आजादी छीनी और लोकतंत्र को तार-तार किया। अब बंगाल की जनता इस तंत्र को उखाड़ फेंकेगी।
भाजपा का जिक्र करते हुए यादव ने कहा कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी। वर्षों का शोषण समाप्त होगा। विकास, शांति व समृद्धि आएगी। बंगाल को अन्य राज्यों जैसा मॉडल मिलेगा।


