
पटना, 3 मार्च। बिहार की सियासत में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राज्यसभा सदस्य बनने की चर्चाओं के बीच एलजेपी (राम विलास) के विधायक राजू तिवारी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर निशांत सक्रिय राजनीति में आते हैं तो उनकी पार्टी उनका हार्दिक स्वागत करेगी।
तिवारी ने निशांत की युवावस्था की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनके पिता नीतीश कुमार ने बिहार के लिए लंबे समय तक समर्पित सेवा की है। नई पीढ़ी के निशांत की नई सोच और धार्मिक प्रवृत्ति बिहार के लिए वरदान साबित होगी।
तेजस्वी यादव पर चुटकी लेते हुए तिवारी बोले, तेजस्वी ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभाई, बिहार ने देख लिया। राज्यसभा की पांचों सीटें एनडीए के पास जाएंगी। निशांत को लेकर कोई विवाद नहीं, वे विवादों से कोसों दूर हैं।
जदयू कार्यकर्ता लंबे समय से निशांत को राजनीति में लाने की मांग कर रहे हैं। कई जगह पोस्टर भी लगाए गए, लेकिन नीतीश और निशांत ने चुप्पी साधे रखी। तिवारी ने कहा, एनडीए का जो फैसला होगा, पार्टी उसके साथ खड़ी रहेगी। निशांत का भविष्य उज्ज्वल है, वे बिहार की सेवा करें।