
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सियासत में तलवारें भिंच रही हैं। भाजपा की सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और राज्य सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर जोरदार हमला बोला है। एक्स प्लेटफॉर्म पर पोस्ट के जरिए उन्होंने अखिलेश को एसी कमरों और सोशल मीडिया की दुनिया तक सीमित बताते हुए जमीनी स्तर की लड़ाई से दूर भागने का आरोप लगाया।
राजभर ने तंज कसते हुए लिखा कि ममता बनर्जी हफ्तों इंतजार करती रहीं, लेकिन भयंकर गर्मी में अखिलेश यादव बाहर निकले ही नहीं। रैलियां, रोड शो कैसे करेंगे? पसीना तो निकलेगा ही। सुबह उठना भी पड़ेगा। बेहतर है दोपहर में उठकर एक ट्वीट ठोक दें। अब वे बंगाल पहुंच रहे हैं, लेकिन रैली करने नहीं। एसी की ठंडक में ममता को ढांढस बंधाएंगे और कहेंगे कि ममता जी, पिछले चुनाव की तरह यूपी में मेरे समर्थन में आना।
उन्होंने कहा कि यह सब 2027 के विधानसभा चुनाव में हार की आड़ में ईवीएम पर सवाल उठाने की तैयारी है। अखिलेश यूपी को संदेश दे रहे हैं कि सब कुछ ईवीएम की वजह से होता है। लेकिन शहजादों को याद रखना चाहिए कि अब सिंहासन पर जनता विराजमान है। जहां सिंहासन खाली नहीं हो रहा, वहां जनता नारा लगा रही है- सिंहासन खाली करो कि जनता आती है। जय महाराजा सुहेलदेव राजभर, जय ओबीसी समाज, जय भारत।
पृष्ठभूमि में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का उलटफेर है, जहां भाजपा को पहली बार दो-तिहाई बहुमत हासिल हुआ। ममता को भवानीपुर सीट गंवानी पड़ी। उन्होंने भाजपा पर वोट लूटने का आरोप लगाया, चुनाव आयोग को पक्षपाती बताया, लेकिन सीएम पद से इस्तीफा देने से इनकार कर दिया। राजभर का यह प्रहार विपक्ष की रणनीति पर सवाल उठाता है।
