
नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को पत्र लिखकर पूर्व सैनिकों की स्वास्थ्य योजना ईसीएचएस के लिए पर्याप्त फंडिंग और दिव्यांगता पेंशन पर आयकर छूट की मांग की है। 28 फरवरी को लिखे इस पत्र में उन्होंने वर्तमान संकट की गंभीरता पर जोर दिया।
ईसीएचएस योजना का उद्देश्य रिटायर्ड सैनिकों को बेहतरीन चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराना था, लेकिन अब यह भारी वित्तीय कमी से जूझ रही है। 12,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के मेडिकल बिल लंबित हैं। बजट प्रावधान जरूरत से 30 प्रतिशत कम हैं, जिससे अस्पताल योजना से बाहर हो रहे हैं। पूर्व सैनिकों को अपनी जेब से भुगतान करना पड़ रहा है या कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियों का इलाज टल रहा है।
राहुल गांधी ने पत्र में उल्लेख किया कि उन्होंने पूर्व सैनिकों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की, जिन्होंने अपनी ही सरकार से उपेक्षा की शिकायत की। यह सुनना दर्दनाक है।
वित्त विधेयक 2026 में सेवा के दौरान दिव्यांगता पेंशन पर टैक्स लगाने का प्रस्ताव 1922 के बाद पहली बार है। यह पेंशन चोटों की क्षतिपूर्ति है, न कि आय। इसे टैक्स लगाना सैनिकों का अपमान है।
गांधी ने मांग की कि ईसीएचएस की सभी बकाया राशि का भुगतान हो और दिव्यांग पेंशन को टैक्स से मुक्त किया जाए। सशस्त्र बलों के जवानों को राष्ट्र की पूरी मदद मिलनी चाहिए।