
पंजाब के तरन तारन जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां सिद्धू फार्म हाउस में बुधवार को एक शादी समारोह के दौरान आम आदमी पार्टी के सरपंच हरपिंदर सिंह की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना बठिंडा-तरन तारन नेशनल हाइवे पर हुई, जो पूरे इलाके में सनेचार पैदा कर रही है।
ठठियां गांव के सरपंच हरपिंदर सिंह शादी में शरीक होने फार्म हाउस पहुंचे थे। तभी तीन अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस हमले में उनके चचेरे भाई जर्मनजीत सिंह को पैर में गोली लगी, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया है।
घटना की खबर मिलते ही सरला पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची। एसएसपी सुरिंदर लांबा ने बताया कि शादी अटेंड कर रहे सरपंच पर दो अज्ञातों ने हमला किया। अस्पताल जाते वक्त उनकी मौत हो गई। पीछा करने वाले एक व्यक्ति को पैर में गोली लगी।
प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश का पता चल रहा है। कोई धमकी या उगाही का कॉल नहीं मिला। चार स्पेशल टीमें गठित की गई हैं और एसएसपी खुद केस की निगरानी कर रहे हैं। दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
हाल ही अमृतसर में भी एक आप सरपंच की हत्या हुई थी। यह घटना पंजाब में स्थानीय नेताओं पर बढ़ते खतरों को उजागर करती है। पुलिस ने सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं।