
चंडीगढ़। फसल खरीद की तैयारियों पर नजर रखने वाले मंत्री समूह ने बुधवार को 2026-27 गेहूं खरीद सीजन की विस्तृत समीक्षा की। इस समूह में कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुडियां, खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री लाल चंद कटारूचक्क, जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल और परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर शामिल हैं।
बताया गया कि खरीद 1 अप्रैल से शुरू होगी और 132 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद का लक्ष्य है। न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है।
भंडारण को लेकर चर्चा हुई कि एफसीआई द्वारा अगस्त 2025 से प्रतिमाह 5-5 एलएमटी गेहूं-चावल की डिलीवरी हो रही है, लेकिन नए सीजन के लिए 15 एलएमटी गेहूं प्रतिमाह उठान जरूरी है। सीएम भगवंत मान ने केंद्र से इस पर बार-बार बात की है।
विभाग प्लिंथ निर्माण और चावल मिलों के खाली स्थान उपयोग पर विचार कर रहा है। जिला प्रशासनों के साथ नियमित समीक्षा जारी है। डीएफएससी ने संकटकालीन योजनाओं के लिए एफसीआई के साथ समन्वय किया है।
खरीद के लिए 3.91 लाख प्लास्टिक करेट का ऑर्डर दिया गया है, जिसमें से 2.31 लाख मिल चुके हैं। 6.75 लाख लकड़ी के करेट और तिरपाल उपलब्ध हैं।
आढ़तियों की 45 से 64 रुपये प्रति क्विंटल कमीशन की मांग पर राज्य केंद्र से बात कर रहा है। समूह ने पारदर्शी और निर्बाध खरीद के निर्देश दिए।