
लुधियाना, 12 फरवरी। पंजाब भाजपा के प्रवक्ता प्रीतपाल सिंह बलियावाल ने आम आदमी पार्टी (आप) की राज्य सरकार पर डेयरी क्षेत्र के किसानों व हितधारकों को भारत-अमेरिका व्यापारिक समझौते को लेकर जानबूझकर गुमराह करने का गंभीर आरोप लगाया है।
बलियावाल ने स्पष्ट किया कि इस समझौते में संवेदनशील कृषि एवं डेयरी उत्पादों को पूर्ण सुरक्षा प्रदान की गई है। इन्हें उन प्रावधानों से पूरी तरह बाहर रखा गया है जो पंजाब के हितों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। उन्होंने मीडिया को भारत-अमेरिका का संयुक्त प्रेस वक्तव्य भी दिखाया।
राज्य के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा से सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि यदि यह समझौता वास्तव में किसानों व उद्योग के लिए घातक है तो आप के मंत्री संजीव अरोड़ा व राज्यसभा सांसद राजिंदर गुप्ता ने सार्वजनिक रूप से इसका गुणगान क्यों किया?
बलियावाल ने आप के उस दावे को खारिज किया जिसमें कहा गया है कि इस व्यापारिक समझौते से पंजाब की खेती व डेयरी को भारी नुकसान होगा। उनके अनुसार, समझौता राज्य के प्रमुख हितों की रक्षा करता है तथा निवेश, निर्यात व किसान आय में वृद्धि के नए द्वार खोलेगा।
आप सरकार बिना कोई आधिकारिक दस्तावेज पेश किए जनता में अनावश्यक भय व भ्रम फैला रही है। बलियावाल ने सरकार को चुनौती दी कि वह ऐसा कोई दस्तावेज सार्वजनिक करे जो समझौते से पंजाब की कृषि, डेयरी या उद्योग को नुकसान सिद्ध करे।
उन्होंने किसानों व डेयरी उत्पादकों के हितों की रक्षा का भरोसा दिलाया। इस समझौते से आर्थिक अवसर बढ़ेंगे। मौके पर जिला भाजपा अध्यक्ष रजनीश धीमान, नवल जैन, सतीश कुमार, राजन पंधे, सुरिंदर कौशल, सौरव कपूर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।