
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को असम के गुवाहाटी में एक विशेष कार्यक्रम में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) की 22वीं किस्त जारी करेंगे। इससे देशभर के 9.32 करोड़ किसानों के बैंक खातों में कुल 18,640 करोड़ रुपये सीधे हस्तांतरित हो जाएंगे।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को नई दिल्ली में पत्रकारों को संबोधित करते हुए इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत अब तक डीबीटी के जरिए 4.09 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा वितरित हो चुके हैं, जिसमें 2.15 करोड़ से अधिक महिला किसान शामिल हैं।
मंत्री जी ने कहा कि इस आर्थिक सहायता से किसानों ने कृषि में निवेश बढ़ाया है और साहूकारों की निर्भरता घटी है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है। पिछले 12 वर्षों में कृषि क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। भारत अब अनाज आयातक से निर्यातक बन गया है। चावल उत्पादन में 150 मिलियन टन के साथ दुनिया में नंबर वन हैं।
कुल खाद्यान्न उत्पादन 2014 के 252 मिलियन टन से बढ़कर 357 मिलियन टन हो गया। बागवानी में फल-सब्जी उत्पादन 277 से 369 मिलियन टन पहुंचा। दालों में भारत सबसे बड़ा उत्पादक व उपभोक्ता है। सरकार ने तूर, मसूर, उड़द की रिकॉर्ड खरीद की है।
‘भारत विस्तार’ एआई प्लेटफॉर्म से किसान एक कॉल पर स्थानीय भाषा में कृषि सलाह पा सकेंगे। एमएसपी पर गेहूं, धान आदि की रिकॉर्ड खरीद हुई। कृषि ऋण 8.45 लाख करोड़ से 28.69 लाख करोड़ हुआ। फसल बीमा से 2 लाख करोड़ क्लेम दिए। कृषि बजट 27,000 करोड़ से बढ़कर 1.40 लाख करोड़ सालाना हो गया।
पीएम मोदी के नेतृत्व में किसान कल्याण का संकल्प अटल है।