
नई दिल्ली में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक क्षण आने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026 का उद्घाटन करेंगे। 16 से 20 फरवरी तक चलने वाला यह विशाल आयोजन 70,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में फैला हुआ है और इसमें 10 विभिन्न एरिना तैयार किए गए हैं।
दुनिया की प्रमुख तकनीकी कंपनियां, स्टार्टअप, शैक्षणिक संस्थान, अनुसंधान केंद्र, केंद्र व राज्य सरकारें तथा अंतरराष्ट्रीय साझेदार इस मेले में शिरकत करेंगे। 13 देशों के विशेष पवेलियन एआई क्षेत्र में वैश्विक सहयोग को रेखांकित करेंगे, जिनमें ऑस्ट्रेलिया, जापान, रूस, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड्स, स्विट्जरलैंड, सर्बिया, एस्टोनिया, ताजिकिस्तान और अफ्रीकी राष्ट्र शामिल हैं।
एक्सपो में 300 से अधिक क्यूरेटेड प्रदर्शनियां और लाइव डेमो तीन मुख्य थीम्स- लोग, ग्रह और प्रगति- के अंतर्गत प्रस्तुत होंगी। 600 से ज्यादा स्टार्टअप वास्तविक जीवन में लागू हो चुके स्केलेबल समाधान और कार्यरत मॉडल दिखाएंगे।
लगभग ढाई लाख से अधिक आगंतुकों के आने की संभावना है, जिसमें विदेशी प्रतिनिधि भी होंगे। यह आयोजन एआई में नए वैश्विक साझेदारी और व्यापारिक अवसर सृजित करने पर केंद्रित है। 500 से ज्यादा सत्रों में 3,250 से अधिक वक्ता एआई के बदलावों और इसके लाभ सब तक पहुंचाने पर चर्चा करेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, यह एक्सपो भारत में एआई उपयोग का भव्य प्रदर्शन है, जो नीति-कार्यान्वयन, नवाचार-विस्तार तथा तकनीक-नागरिक के बीच मजबूत सेतु बनाएगा। भारत को वैश्विक एआई नेतृत्व की ओर अग्रसर करेगा यह मेला।