
नई दिल्ली। राज्यसभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की बढ़ती ताकत का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आर्थिक शक्ति, नागरिकों का देशप्रेम और मजबूत मैन्युफैक्चरिंग तंत्र के दम पर भारत विश्व पटल पर मजबूती से खड़ा है।
वोटबैंक की राजनीति में डूबे लोगों पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा कि इन्होंने कभी देश को मजबूत बनाने को प्राथमिकता नहीं दी। कांग्रेस पर सीधा प्रहार करते हुए बोले, ‘उनके पास न सोच थी, न विजन और न इच्छाशक्ति।’
हालिया व्यापारिक समझौतों का जिक्र कर युवाओं को आश्वस्त किया। ग्रामीण, शहरी और मध्यम वर्ग के नौजवानों के लिए वैश्विक बाजार खुल चुके हैं। ‘मैं आपके साथ कंधा से कंधा मिलाकर खड़ा हूं, दुनिया आपकी प्रतिभा का स्वागत करेगी।’
पीएम ने कहा कि कांग्रेस की गलतियों को सुधारने में ही हमारी काफी ऊर्जा लग रही है। उन्होंने देश को बदहाल छोड़ा था, जिसकी छवि मिटाने में जुटे हैं। फ्यूचर-रेडी नीतियों से भारत नीति आधारित चल रहा है, विश्वास बढ़ा है और रिफॉर्म एक्सप्रेस पर सवार है।
घुसपैठियों पर बोलते हुए कहा कि विकसित देश उन्हें भगाते हैं, लेकिन यहां अदालतों पर दबाव डालकर संरक्षण दिया जा रहा है। ये हमारे युवाओं के अधिकार छीन रहे हैं और आदिवासी भूमि पर कब्जा कर रहे हैं। फिर भी उपदेश देने वाले मौजूद हैं!