
नई दिल्ली। राज्यसभा में राष्ट्रपति अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को विपक्ष पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा, ‘दुनिया को कितना धोखा दोगे? आईना देख लिया तो अपनी सच्चाई कहां छुपाओगे।’
मोदी ने मुद्रा योजना के तहत युवाओं को 30 लाख करोड़ से अधिक के बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराने का जिक्र किया। इनमें महिलाओं का बड़ा हिस्सा शामिल है। महिला स्वयं सहायता समूहों का विस्तार और 10 करोड़ महिलाओं को सीधी वित्तीय मदद ने सशक्तिकरण को नई ऊंचाई दी।
एमएसएमई को ऋण सहायता प्रदान कर अर्थव्यवस्था को मजबूत किया गया। यूपीए काल में चरम पर पहुंची एनपीए अब 1 प्रतिशत से नीचे हैं। बैंक लाभ रिकॉर्ड स्तर पर हैं, जो वित्तीय स्वास्थ्य का प्रमाण है।
कांग्रेस द्वारा बंद करने की कगार पर पहुंचाए गए सार्वजनिक उपक्रम अब रिकॉर्ड मुनाफा कमा रहे हैं। ये ‘मेक इन इंडिया’ को गति दे रहे हैं और अभूतपूर्व रोजगार पैदा कर रहे हैं।
कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके, लेफ्ट जैसी पार्टियों पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि ये दशकों सत्ता में रहीं, लेकिन जेबें भरने तक सीमित रहीं। नागरिकों का जीवन बदलना उनकी प्राथमिकता कभी नहीं था। ‘तब डील का मतलब बोफोर्स होता था, आज गर्व से डील की बात करते हैं।’
युवा अधिकारियों को तीन साल का कार्यकाल देकर विकास सुनिश्चित किया। बस्तर जैसे आकांक्षी जिले अब ओलंपिक की मेजबानी कर रहे हैं। गांवों में पहली बार बसें पहुंचीं, जो वास्तविक प्रगति का प्रतीक हैं।