
मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मेरठ में नमो भारत रैपिड रेल और मेट्रो परियोजना का एक साथ शुभारंभ किया, जो भारत में पहली बार एक ही मंच से ऐसी शुरुआत है। इस उपलब्धि को उन्होंने विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
जनसभा में बोलते हुए पीएम ने कहा कि यह एकीकृत परिवहन प्रणाली शहरों के अंदर मेट्रो और जुड़वां शहरों को जोड़ने वाली नमो भारत ट्रेनों का बेहतरीन उदाहरण है। सोशल मीडिया एक्स पर तस्वीरें साझा करते हुए उन्होंने इसे अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण में ऐतिहासिक दिन करार दिया।
दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित करने पर गर्व जताते हुए पीएम ने कहा कि देशवासियों की यात्रा को सरल बनाने के लिए कटिबद्ध हैं। मेरठ मेट्रो स्थानीय जीवन को और सुगम बनाएगी।
मेट्रो में सवारी कर छात्रों से बात की और उनकी तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि मेरठवासियों का विकास के प्रति उत्साह नई प्रेरणा देता है।
संबोधन में पीएम ने जोर दिया कि अब योजनाएं अधर में नहीं लटकतीं। 2014 से पहले मेट्रो सिर्फ 5 शहरों में थी, अब 25 से ज्यादा में है, भारत तीसरा सबसे बड़ा नेटवर्क। रैपिड रेल की खासियत है स्टेशनों पर रेल, मेट्रो और बसों का एकीकरण।
इससे यात्रियों को शहर या दिल्ली की आसान पहुंच मिलेगी, किराए के मकानों की जरूरत कम होगी। यह परियोजना संपर्कता का नया युग ला रही है।