
गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने वाहन चोरों के अंतरराज्यीय गिरोह पर करारा प्रहार किया है। सेक्टर-39 थाना और नोएडा सर्विलांस टीम की टीमवर्क से 6 शातिर अपराधियों को दबोच लिया गया।
कब्जे से 40 लाख कीमत की 4 चुराई गई कारें, चोरी के हाईटेक उपकरण, नकली नंबर प्लेटें और एक टैक्सी वाहन जब्त किया गया। पकड़े गए बदमाश समीर उर्फ दाऊद, सलीम, आजाद, दूसरा सलीम, मोहसीन और मोहम्मद फैसल हैं। सरगना आजाद पर दिल्ली-नोएडा समेत कई राज्यों में 38 से ज्यादा केस दर्ज हैं।
जांच में पता चला कि ये लोग हुंडई ओरा टैक्सी से दिन-रात रेकी करते थे, ड्राइवर बदल-बदल कर। फिर की-प्रोग्रामर और जीपीएस जैमर से पलों में कार उड़ा लेते। चुराई गाड़ियां राजस्थान, मेवात और अन्य जगहों पर 1-2 लाख में ठिकाने लगा देते।
बरामद कारों में दो मारुति ब्रेजा, एक स्विफ्ट और हुंडई ओरा। साथ ही 6 टी-लॉक ब्रेकर, पेचकस, वायर कटर, ओबीडी स्टार प्रोग्रामर, जैमर, नकली प्लेटें वगैरह बरामद।
यह गिरोह नोएडा, दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय था। इंटेलिजेंस और सर्विलांस से ट्रैक कर सेक्टर-82 पर धर दबोचा। डीसीपी ने टीम को 25 हजार का इनाम दिया। गिरोह के बाकी नेटवर्क की तफ्तीश जारी है।