
नई दिल्ली। बांग्लादेश में बीएनपी प्रमुख तारिक रहमान ने मंगलवार को प्रधानमंत्री पद की शपथ ले ली। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने उन्हें शपथ दिलाई। इस घटना पर भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नई सरकार को सकारात्मक दिशा में कदम बढ़ाने चाहिए।
हाल के दिनों में बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हुए अत्याचारों का जिक्र करते हुए नकवी ने कहा कि इनसे सबक लेते हुए नई सरकार आगे बढ़े। उन्होंने अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस के बयानों की आलोचना की। ‘ऐसी बातें न बांग्लादेश के हित में हैं, न उसके लोगों के। ऐसे लोग देशहितैषी नहीं हो सकते।’
वंदे मातरम के विरोध पर नकवी ने कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि विरोध करने वालों में मुस्लिम लीग की जहरीली सोच बसी है। स्वतंत्रता काल में लीग ने इसका विरोध किया था, जो विभाजन की नींव था। ‘यह राष्ट्रगान है, 140 करोड़ भारतीयों का जज्बा। धर्म का चोला ओढ़ाने की कोशिश नाकाम होगी।’
कांग्रेस नेता मणि शंकर अय्यर के बयान को खारिज करते हुए नकवी ने कहा कि कांग्रेस अपनी जमीन संभालने में असमर्थ है। एआई समिट पर उन्होंने कहा कि भारत एआई का सुपरपावर बनेगा। विपक्ष को नकारात्मकता छोड़कर सीखना चाहिए।