
मुंबई। आदोशी टनल के पास गैस टैंकर पलटने से पैदा हुए संकट के 32 घंटे बाद मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर यातायात पूरी तरह बहाल हो गया है। रायगढ़ हाईवे पुलिस ने बताया कि प्रोपाइलीन गैस का रिसाव पूरी तरह थम चुका है और दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को सड़क से हटा लिया गया। मुंबई की ओर जाने वाली लेन खुलने से हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।
3 फरवरी की शाम करीब 5 बजे किलोमीटर 41 पर टैंकर के पलटने से ज्वलनशील गैस लीक होने लगी, जिससे विस्फोट का खतरा मंडराने लगा। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एक्सप्रेसवे पर तत्काल ट्रैफिक रोक दिया गया। हाईवे पुलिस, जिला पुलिस, फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ, बीपीसीएल, हेल्प फाउंडेशन और रसायन विशेषज्ञों की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर रात-दिन जुटे रहे।
गैस लीक रोकना बेहद जटिल कार्य था, लेकिन सभी एजेंसियों के अथक प्रयासों से 5 फरवरी तड़के 1:30 बजे सफलता मिली। टैंकर को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया और यातायात सुचारू रूप से शुरू हो गया। पुराने मुंबई-पुणे राजमार्ग पर भी ट्रैफिक सामान्य है।
हादसे से भारी जाम लग गया था, जिससे यात्रियों को खासी परेशानी हुई। अब सड़कें साफ हैं, लेकिन पुलिस ने अफवाहों से बचने की सलाह दी है। यह घटना हाईवे सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़ी करती है।