
मुंबई के पॉश इलाके जुहू में एक आमरेसिडेंशियल घर से सनसनीखेज खुलासा हुआ है। यहां एक छोटे से कमरे में कांच के टैंक में भारतीय मगरमच्छ और इंडियन स्पॉटेड टर्टल को अवैध रूप से पाला जा रहा था। वन विभाग, मुंबई क्राइम ब्रांच यूनिट-9 और एनजीओ सर्प इंडिया की संयुक्त टीम ने दोनों जंगली जानवरों को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू कर लिया।
गुप्त सूचना पर अमल करते हुए अंधेरी रेंज के फॉरेस्ट गार्ड रोशन बिंदे ने क्राइम ब्रांच से संपर्क किया। जेआर म्हात्रे मार्ग स्थित रुइया पार्क, मोरागांव शंकर चाल में छापेमारी की गई। दो पंच गवाहों की मौजूदगी में घर में दाखिल होते ही शाहिदा शेख और उनके भाई इमरान इस्माइल शेख मिले।
तलाशी में छोटे कमरे से दोनों शेड्यूल-1 प्रजाति के जीव बरामद हुए, जिनका निजी पालन वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत सख्त अपराध है। टीम ने सावधानी से इन्हें विशेष पिंजरों में बाहर निकाला और वीडियो रिकॉर्डिंग की। पूछताछ में शाहिदा ने भाई पर दोष मढ़ा, जबकि इमरान ने टालते रहे।
29 वर्षीय इमरान के खिलाफ धारा 9, 39, 48 और 51 के तहत केस दर्ज। रेस्क्यू जानवरों को वन विभाग के हवाले कर दिया गया, जहां उनका पूरा इलाज और रिहैबिलिटेशन होगा। यह घटना शहरों में अवैध पेट ट्रेडिंग की बढ़ती प्रवृत्ति को उजागर करती है। अधिकारी सतर्कता बढ़ाने और जन जागरूकता पर जोर दे रहे हैं। जांच जारी।