मध्य प्रदेश सरकार ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता: स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग’ अभियान चला रही है। यह अभियान तीन चरणों में पूरा किया जाएगा, जिसका मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करना है। यह देशभक्ति की भावना को जगाने के साथ-साथ राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान को बढ़ावा देगा। अभियान स्वच्छता और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन को भी मजबूती प्रदान करता है।
यह अभियान जन-आंदोलन के रूप में स्थापित होगा, ताकि हर नागरिक इस उत्सव का हिस्सा बन सके। यह अभियान 2 से 15 अगस्त 2025 तक तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा।
**प्रथम चरण (2 से 8 अगस्त):** देशभक्ति वातावरण का निर्माण, तिरंगे पर केंद्रित कार्यक्रम, चर्चाएँ, स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों को तिरंगे से सजाना, प्रश्नोत्तरी, राखी निर्माण कार्यशालाएँ, पत्र लेखन प्रतियोगिताएँ और तिरंगे के रंगों से बनी बुनाई का प्रदर्शन होगा।
**दूसरा चरण (9 से 12 अगस्त):** तिरंगा महोत्सव के रूप में बड़े आयोजन, जागरूकता कार्यक्रम, तिरंगा यात्राएँ, सांस्कृतिक गतिविधियाँ, ध्वजों की उपलब्धता, सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगे की दृश्यता के लिए कार्य, स्थानीय उत्पादों पर आधारित तिरंगा मेला, तिरंगा केसर्ट, बाइक/साइकिल रैली, तिरंगा यात्रा, ध्वज की बिक्री, मानव श्रृंखला निर्माण, तिरंगा गान जैसे कार्यक्रम होंगे।
**तीसरा चरण (13 से 15 अगस्त):** घर, कार्यालयों और वाहनों पर तिरंगा लगाना, सेल्फी अपलोड, हर जगह तिरंगे की दृश्यता, संस्कृति मंत्रालय के साथ सूचनाओं का आदान-प्रदान। सभी शासकीय भवनों, शैक्षणिक संस्थानों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगा फहराया जाएगा।
सरकार ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियाँ की हैं। संस्कृति विभाग ने जिला कलेक्टरों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह अभियान सामूहिक उत्सव और नागरिक एकता की भावना पर आधारित है, जिसमें स्वतंत्रता के सार को स्वच्छता और सुजलता के संकल्प के साथ जोड़ा गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित जल आपूर्ति, प्रभावी जल, स्वच्छता और स्वास्थ्य सुनिश्चित करने से प्रधानमंत्री के संकल्प को बल मिलेगा। अभियान के तहत स्वच्छता और जल संरक्षण से संबंधित गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।
ग्राम पंचायतों में स्वच्छ भारत मिशन (एसवीएम-जी) और जल-जीवन मिशन (जेजेएम) के अंतर्गत विविध गतिविधियाँ होंगी, जिनमें स्वच्छ सुजल गांव प्रतिज्ञाएं, सामुदायिक सफाई अभियान, परिसंपत्तियों की सफाई, जागरूकता गतिविधियां, जल-संरक्षण और 15 अगस्त 2025 को अमृत सरोवर, सार्वजनिक स्थानों आदि सहित प्रमुख वाश अवसंरचना स्थलों पर ध्वजारोहण समारोह शामिल हैं।
यह अभियान देशभक्ति, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को एक मंच प्रदान करेगा। ज़िलों, ब्लॉकों और ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जायेगी। अभियान में पंचायतें, स्वयं सहायता समूह, स्कूलों के छात्र, ग्राम जल समितियां और अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ता शामिल होंगे। मध्यप्रदेश की जनता से अपील है कि वे इस अभियान में पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लें।