
होली के रंगीन त्योहार की तैयारियों ने मुजफ्फरपुर के बाजारों को सजाया है। रंग-गुलाल, पिचकारियां और अन्य सामान की दुकानों पर भीड़ उमड़ रही है। लेकिन इस बार सबसे ज्यादा चर्चा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुखौटे की हो रही है, जो बाजार से गायब हो चुका है।
छाता बाजार की होली थोक मंडी में दुकानदार बता रहे हैं कि पिछले 10 दिनों से मोदी मास्क आउट ऑफ स्टॉक है। दिल्ली के सप्लायरों से दोबारा मंगवाने की कोशिश की, लेकिन वहां भी स्टॉक समाप्त होने की बात कही गई।
व्यापारी अमित कुमार ने कहा, ‘इस बार टैंक पिचकारी, हाई प्रेशर गन और रिचार्जेबल इलेक्ट्रिक पिचकारी की डिमांड जोरों पर है। बच्चे-युवा इनकी आधुनिक डिजाइन से आकर्षित हो रहे हैं। मास्कों में कई तरह के उपलब्ध हैं, पर मोदी मास्क की अलग ही क्रेज रही।’
इरशाद अहमद ने बताया कि खिलौने और यूनिक आइटम भी आकर्षक हैं, लेकिन मोदी मास्क 10 दिन पहले ही बिक गया। चार दिन पूर्व आई खेप भी पलक झपकते बिकी।
अब इलेक्ट्रिक गन और गुलाल जैसे सामान भरपूर हैं। मुजफ्फरपुर में होली का उत्साह चरम पर है, जहां मोदी मास्क ने राजनीति को भी रंग लगा दिया।