
मंगलुरु साइबर क्राइम पुलिस ने विदेशी साइबर अपराधियों से जुड़े एक बड़े धोखाधड़ी तंत्र का पर्दाफाश किया है। ट्रेडिंग के बहाने आम लोगों से बैंक खाते लेने के आरोप में दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। ये खाते साइबर फ्रॉड के लिए इस्तेमाल हो रहे थे।
कार्रवाई में पुलिस ने चार मोबाइल फोन, 18 डेबिट कार्ड, 17 बैंक पासबुक, छह चेकबुक, 1479.31 यूनिट यूएसडीटी क्रिप्टोकरेंसी और एक मारुति कार बरामद की। गिरफ्तार मोहम्मद अनीश (30) कूलूर पोस्ट के निवासी और सलीथ अहमद एम (32) सुरथकल के रहने वाले हैं।
मामला 10 मार्च को मोहम्मद सिनान की शिकायत पर दर्ज हुआ। उन्होंने बताया कि परिचितों ने ट्रेडिंग के नाम पर उनका खाता लिया, जो बाद में फ्रॉड में प्रयुक्त हुआ। तकनीकी जांच से आरोपियों का पता लगाया गया।
जांच में सामने आया कि ये लोग मंगलुरु और आसपास से 70 से ज्यादा खाते जुटाते थे। चीनी ठग भारतीयों को ठगने से कमाए पैसे इन खातों में भेजते। आरोपी सस्ते में यूएसडीटी खरीदकर महंगे दाम पर बेचते। पुराने खाते फ्रीज होने पर नए जुटाते।
एनसीआरपी पर 37 शिकायतें और देशभर से 88 आई हैं। पुलिस लेन-देन की जांच कर अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। यह कार्रवाई साइबर अपराध के खिलाफ सतर्कता का उदाहरण है।