
पटना। बिहार के अलीनगर विधानसभा क्षेत्र की भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बयान पर कड़ा जवाब दिया है। तेजस्वी ने विधानसभा चुनाव में ‘लोक हारा, तंत्र जीता’ कहकर सियासत को हवा दी थी। मैथिली ने कहा कि जनता ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरे ईमानदारी से निभाया जाएगा। अलीनगर के विकास का सिलसिला लगातार चलता रहेगा।
लोक गायिका से विधायक बनीं मैथिली ठाकुर ने कहा कि तेजस्वी का नजरिया उनका अपना है। हमारी सरकार हर रोज विकास पर ध्यान देती है। कानून-व्यवस्था बिगड़ने पर तत्काल कदम उठाए जाते हैं। उम्मीद है कि वे विपक्ष की भूमिका सकारात्मक निभाएंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नितिन नबीन को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई देते हुए मैथिली ने कहा कि यह पार्टी के संस्कार दिखाता है। पीएम का ‘मेरे भी बॉस’ कहना भाजपा की सोच को उजागर करता है। बिहार के लिए यह गौरव का विषय है।
राजनीति में नए प्रवेश पर मैथिली बोलीं, दो-तीन माह हुए हैं, लेकिन बहुत कुछ सीख रही हूं। युवा विधायक के रूप में गर्व महसूस हो रहा है। नितिन नबीन की बात पसंद है कि राजनीति में शॉर्टकट की कोई जगह नहीं। भाजपा कार्यकर्ता बनकर देखा कि साधारण से बड़ा पद पाया जा सकता है।
नितिन नबीन से फ्लाइट में मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा कि उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से एक दिन पहले मिले थे। उन्होंने मार्गदर्शन किया। बजट सत्र पर कहा, अनुभवी नेताओं के बीच नया हूं, लेकिन अलीनगर की शिक्षा, उद्योग, खेल की समस्याएं जोरदार तरीके से उठाऊंगी।
नीट छात्रा हत्याकांड पर कहा, यह जघन्य अपराध है। सरकार सख्ती से कार्रवाई करेगी, न्याय मिलेगा।