
केरल की वायनाड मॉडल टाउनशिप का पहला चरण पूरा हो गया है। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन रविवार को इसका उद्घाटन करेंगे। 30 जुलाई 2024 की भयंकर प्राकृतिक आपदा ने चार गांवों को नेस्तनाबूद कर दिया था। 200 से अधिक लोगों की जान गई और 32 अभी भी लापता हैं। संपत्तियों को भारी क्षति पहुंची थी।
सरकार ने प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए 49 हेक्टेयर भूमि पर 299 करोड़ की लागत से यह परियोजना शुरू की। आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत 44.33 करोड़ में ली गई जमीन पर अब पहले चरण के 178 आधुनिक घर बनकर तैयार हैं। मॉडल हाउस मात्र 105 दिनों में तैयार हुआ।
हर 1000 वर्ग फुट का घर बाढ़ और भूकंप प्रतिरोधी है। इसमें दो बेडरूम, दो बाथरूम, लिविंग-डाइनिंग, स्टडी रूम, किचन, वर्क एरिया और सिट-आउट हैं। पूर्ण विद्युतीकरण के साथ थ्री-फेज वायरिंग, बीएलडीसी पंखे, एलईडी लाइट्स और भविष्य के लिए एसी व इन्वर्टर की सुविधा है।
टाउनशिप में 11.42 किमी सड़कें, पुल, भूमिगत बिजली लाइनें, जल निकासी, विकेंद्रीकृत सीवेज प्लांट, एक लाख लीटर जल भंडारण, सीसीटीवी और कचरा प्रबंधन है। प्रत्येक घर में 2 किलोवाट रूफटॉप सोलर प्लांट नेट मीटरिंग से लगा है, जो वायनाड का सबसे बड़ा आवासीय सौर क्लस्टर बनेगा।
भविष्य में सामुदायिक केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र, आंगनवाड़ी, बाजार, ओपन थिएटर, मनोरंजन क्षेत्र और फुटबॉल ग्राउंड जोड़े जाएंगे। यह परियोजना आपदा पीड़ितों को नया जीवन देगी और टिकाऊ विकास का मॉडल बनेगी।