
शिवमोग्गा। केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा को कर्नाटक की राजनीति का अथक योद्धा करार दिया। शिकारिपुरा में उनके 84वें जन्मदिन पर आयोजित सम्मान समारोह में बोलते हुए जोशी ने कहा कि येदियुरप्पा ने राज्य के लिए लगातार संघर्ष और आंदोलनों का नेतृत्व किया।
शिकारिपुरा वासियों को राज्य को मजबूत नेता देने के लिए बधाई देते हुए जोशी ने कहा कि येदियुरप्पा के परिश्रम और जनसमर्थन ने उन्हें अमर बना दिया है। यह नगर अब उनके नाम से जाना जाता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी, जिसमें येदियुरप्पा का जमीनी स्तर पर योगदान सराहनीय है। जोशी ने उम्मीद जताई कि यह अनुभवी नेता लंबे समय तक पार्टी और राज्य का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने येदियुरप्पा को चार बार मुख्यमंत्री बनाने और कई नेताओं को तैयार करने का श्रेय दिया। मांड्या के बुकानकेरे में जन्मे येदियुरप्पा ने शिकारिपुरा को अपनी कर्मभूमि बनाया। आठ बार विधायक, सांसद और विपक्ष के नेता रह चुके हैं।
कार्यक्रम में 70 से अधिक समुदायों के नेताओं को सम्मानित किया गया। विपक्ष में रहते येदियुरप्पा ने गरीबों, किसानों, मजदूरों और अनुसूचित जाति-जनजाति के हितों की रक्षा की। लाखों कार्यकर्ताओं, आध्यात्मिक नेताओं के आशीर्वाद और जनता के समर्थन से वे चार बार सीएम बने।
मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने शोषित वर्गों को न्याय दिलाया और किसानों के कल्याण पर जोर दिया। येदियुरप्पा का यह योगदान कर्नाटक की राजनीति में हमेशा याद रखा जाएगा।