
रांची: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रांची रेलवे स्टेशन पर एक ऐतिहासिक क्षण देखने को मिला। रेल प्रशासन ने रांची से इरगांव जाने वाली पैसेंजर ट्रेन के संचालन की पूरी जिम्मेदारी महिला कर्मचारियों के हवाले कर दी। इंजन चलाने से लेकर सुरक्षा और यात्रियों की सुविधा तक हर काम उन्होंने बखूबी निभाया।
15 सदस्यीय महिला टीम में लोको पायलट, सहायक, गार्ड, टीटीई और आरपीएफ जवान शामिल थे। सभी ने समन्वय के साथ ट्रेन को समय पर रवाना किया। लोको पायलट दीपाली ने आत्मविश्वास से इंजन की कमान संभाली।
प्रस्थान से पहले वरिष्ठ डीसीएम सूची सिंह ने गुलाब भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी छाप छोड़ रही हैं। यह प्रयास आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा।
यात्रियों ने तालियों से स्वागत किया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है। यह पहल सशक्तिकरण का प्रतीक बनी।