उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में यूपी STF ने बुधवार देर रात झारखंड के कुख्यात अपराधी आशीष रंजन को एनकाउंटर में मार गिराया। आशीष रंजन, जिसे छोटू सिंह के नाम से भी जाना जाता है, धनबाद जिले का एक कुख्यात माफिया और हिस्ट्रीशीटर अपराधी था। उस पर झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश में दर्जनों गंभीर मामले दर्ज थे, जिनमें हत्याएं, रंगदारी, लूट और जानलेवा हमले शामिल हैं।
वह कुख्यात गैंगस्टर अमन सिंह का करीबी शूटर माना जाता था और उसने अमन सिंह की ही हत्या कर दी। तीन दिसंबर, 2023 को धनबाद जेल में बंद गैंगस्टर अमन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में भी आशीष रंजन सिंह शामिल था। धनबाद जेल में हुई अमन सिंह की हत्या के कुछ घंटों बाद सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करते हुए आशीष रंजन उर्फ छोटू सिंह ने हत्या की जिम्मेदारी ली थी।
वह झारखंड में कोयला कारोबारी नीरज तिवारी की हत्या का भी आरोपी था। साथ ही भूमि कारोबारी सरफुल हसन (लाला खान) और समीर मंडल की हत्या के मामलों में भी उसका नाम सामने आया था। आशीष, झरिया के रंजीत साहू और सरायढेला के कारोबारी समीर मंडल की हत्या में भी आरोपी है। 29 अप्रैल को झरिया स्थित एक टायर शोरूम के पास दिनदहाड़े तीन अपराधियों ने रंजीत साहू पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उसकी हत्या कर दी थी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आशीष फरार हो गया था। फरार रहने के दौरान धनबाद पुलिस ने उसके घर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की, जहां से कई आपराधिक मामलों से संबंधित दस्तावेज, सामान और मोबाइल बरामद हुए थे। उसे अदालत में हाजिरी के लिए भी नोटिस जारी किया गया था। STF के सूत्रों के अनुसार, आशीष रंजन न केवल सक्रिय अपराधों में लिप्त था, बल्कि यूपी की कई गैंग को AK-47 जैसी हाई-टेक असलहों की सप्लाई भी करता था।