
पूर्वी सिंहभूम में स्वर्णरेखा और खरकई नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जो अब भी खतरे के निशान से ऊपर बना हुआ है। मानगो पुल पर स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर 122.46 मीटर दर्ज किया गया है, जबकि खतरे का निशान 121.50 मीटर है। आदित्यपुर पुल पर खरकई नदी का जलस्तर 131.00 मीटर तक पहुंच गया है, जबकि खतरे का निशान 129.00 मीटर है। प्रशासन ने निचले इलाकों में जलभराव की संभावना के चलते लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम अलर्ट मोड में हैं, संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है और राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखा गया है। नागरिकों से नदी के किनारे जाने से बचने और आपात स्थिति में प्रशासन से संपर्क करने का आग्रह किया गया है।






