
झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रांची से ऋषिकेश तक नई सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है। यह मार्ग लोहरदगा, टोरी, डाल्टनगंज, डेहरी-ऑन-सोन, वाराणसी, अयोध्याधाम, बरेली और हरिद्वार से होकर गुजरेगा। झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा के प्रार्थना पत्र पर राज्यपाल ने इसे जनहित का मुद्दा बताते हुए समर्थन दिया।
वर्तमान में रांची से उत्तर प्रदेश के धार्मिक केंद्रों जैसे अयोध्या, हरिद्वार, ऋषिकेश, लखनऊ और बरेली जाने वाले यात्रियों को कई ट्रेन बदलनी पड़ती हैं, जिससे असुविधा होती है। राज्यपाल ने पत्र में इस समस्या का जिक्र करते हुए सीधी सेवा की जरूरत पर बल दिया।
इस सेवा से भक्तों को अयोध्या में रामलला के दर्शन और हरिद्वार-ऋषिकेश के तीर्थों तक आसानी से पहुंचने का मौका मिलेगा। न केवल धार्मिक यात्राएं सरल होंगी, बल्कि झारखंड और यूपी के बीच सांस्कृतिक व आर्थिक रिश्ते मजबूत होंगे।
पर्यटन, व्यापार और सामाजिक संपर्कों को बढ़ावा मिलेगा। अयोध्या राम मंदिर के उद्घाटन के बाद तीर्थयात्रियों की संख्या बढ़ रही है, ऐसे में यह रेल सेवा लाखों लोगों के लिए वरदान साबित होगी। रेल मंत्रालय से शीघ्र स्वीकृति की उम्मीद है।