
झारखंड की राजधानी रांची में अपराधियों के हौसले बुलंद होने का एक और नंगा नाच देखने को मिला। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के कुतियातू चौक पर स्थित टीटोस फैमिली रेस्टोरेंट में शनिवार रात दो हथियारबंद बदमाश घुस आए और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में वेटर मनीष गोप को कई गोलियां लगीं और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के समय रेस्टोरेंट में ग्राहक खाना खा रहे थे। अचानक बदमाशों ने गोली चलानी शुरू की तो अफरा-तफरी मच गई। मनीष गोप को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस को सूचना मिलते ही सिटी एसपी पारस राणा, हटिया व कोतवाली डीएसपी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से खोखे बरामद किए गए और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शहर के सभी प्रवेश-निकास मार्गों पर नाकेबंदी कर दी गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ दिन पूर्व रेस्टोरेंट मालिक से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। आशंका है कि इसी विवाद के चलते बदमाश संचालक को सबक सिखाने आए थे, लेकिन वेटर को निशाना बन गया।
रांची में ऐसी घटनाएं नई नहीं। अक्टूबर 2025 में कांके के शेफ चौपाटी में भी बिरयानी विवाद पर मालिक विजय कुमार की हत्या हो चुकी है। उस मामले में चारों आरोपी गिरफ्तार हो चुके थे। पुलिस अब इस नए मामले में भी तेजी से कार्रवाई कर रही है। अपराधियों को जल्द पकड़ने का भरोसा दिलाया गया है।