
रांची के कैंब्रिज इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (सीआईटी) में गुरुवार को भव्य खेल महोत्सव ‘वर्चस्व 2025’ का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि डिप्टी रजिस्ट्रार मनीष नाथ ने दीप प्रज्वलित कर और फीता काटकर इस पांच दिवसीय खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ पूजन और हवन के साथ हुआ, जो खेल भावना के महत्व को दर्शाता है।
यह स्पोर्ट्स मीट 23 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें विभिन्न खेलों का आयोजन किया जाएगा। क्रिकेट, फुटबॉल, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, कैरम बोर्ड और एथलेटिक्स जैसी प्रतियोगिताओं में संस्थान के विद्यार्थी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस वर्ष के ‘वर्चस्व 2025’ में कैंब्रिज इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी और कैंब्रिज इंस्टिट्यूट ऑफ पॉलिटेक्निक के कुल 1500 विद्यार्थी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
उद्घाटन समारोह के दौरान, सीआईटी के प्राचार्य डॉ. एल. रंगनाथन ने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना, आपसी सद्भावना और सामंजस्य बनाए रखने की शपथ दिलाई। उप-प्राचार्य प्रो. रसिका नवनीत सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि खेलों में हार-जीत स्वाभाविक है, लेकिन हार से हमें बेहतर करने की प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि खेल के मैदान में सहपाठियों के बीच प्रेम और सौहार्द का माहौल बना रहना चाहिए।
इस अवसर पर कैंब्रिज ट्रस्ट ऑफ इंडिया की संयुक्त सचिव डॉ. पल्लवी सिंह, इस्टेट ऑफिसर सुनीता नाथ, डॉ. डी. के. सिंह, कैंब्रिज पॉलिटेक्निक के प्राचार्य डॉ. एन. के. यादव, संगीता सिंह, प्रो. दीपक कुमार वर्मा, प्रो. अंकित कुमार सिंह, स्पोर्ट्स के प्रोफेसर इंचार्ज प्रो. प्रशांक मनी, को-ऑर्डिनेटर अनवर आलम और विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष व शिक्षक गण मौजूद रहे। अतिथियों ने मशाल जलाकर खेल महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया, जिसे लेकर विद्यार्थियों ने मैदान का चक्कर लगाया, और आतिशबाजी ने माहौल को और भी रोमांचक बना दिया।






