
पलामू: जिला उपायुक्त समीरा एस ने शनिवार को लेस्लीगंज स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्राओं की उपस्थिति, शिक्षकों की उपलब्धता, रसोईघर और छात्रावास की स्थिति का गहनता से अवलोकन किया। निर्माण कार्य की प्रगति और पानी की टंकी से हो रहे रिसाव को तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए गए। बच्चियों के छात्रावास में मच्छरदानी लगाने पर भी विशेष बल दिया गया।
निरीक्षण के दौरान, उपायुक्त ने कक्षा नौवीं और ग्यारहवीं की छात्राओं से विभिन्न विषयों पर सवाल-जवाब कर उनकी शैक्षिक प्रगति को परखा। उन्होंने प्रयोगशाला, कंप्यूटर कक्ष, रसोई और भंडार गृह का भी बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण से पहले, उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर विद्यालयों की सूची सौंपी थी और निरीक्षण के निर्देश दिए थे।
विद्यालय की शिक्षिकाओं के साथ हुई बैठक में, उपायुक्त ने पिछली पीटीएम (अभिभावक-शिक्षक बैठक) के बारे में जानकारी ली और कॉपियों के नियमित अवलोकन व पाठ्यक्रम को समय पर पूरा करने पर जोर दिया। अवलोकन के दौरान, स्टॉक रजिस्टर में प्रथम दृष्टया गड़बड़ी पाए जाने पर उसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि यह उनका दूसरा निरीक्षण था और तीसरी बार निरीक्षण के दौरान यदि कोई भी खामी पाई गई तो संबंधित के खिलाफ निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने 75% से अधिक छात्राओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान, उप विकास आयुक्त ने विद्यालय पर हुए खर्चों से संबंधित बिलों का भी अवलोकन किया।
इसी क्रम में, विभिन्न अधिकारियों ने नीलाम्बर-पीतांबरपुर के अन्य विद्यालयों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद, डीसी ने सभी अधिकारियों के साथ एक बैठक की, जिसमें स्कूलों की जांच रिपोर्ट की समीक्षा की गई।






