
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन की उपस्थिति में आज झारखंड विधान सभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में उद्यान निदेशालय, झारखण्ड एवं भारतीय बागवानी अनुसंधान संस्थान (IIHR), बेंगलुरू के मध्य समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा की इस एमओयू से राज्य में उद्यानिकी क्षेत्र के विकास एवं विस्तार होगा। इसका सीधा फायदा किसानों को मिलेगा और उनकी आय में बढ़ोतरी होगी। बागवानी क्षेत्र में आधुनिक तकनीक एवं सेवाओं का मिलेगा फायदा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-भारतीय बागवानी अनुसंधान संस्थान (IIHR), बेंगलुरू के साथ एमओयू होने से राज्य में फल, सब्जी, सजावटी, औषधीय, मशरूम फसलों में उत्पादकता, गुणवत्ता और मूल्य को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, बागवानी क्षेत्र में आधुनिक तकनीक का उपयोग, अनुसंधान और प्रशिक्षण एवं सेवाएं उपलब्ध होंगी। इस समझौता ज्ञापन (MoU) हस्ताक्षर के अवसर पर कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग श्रीमती शिल्पी नेहा तिर्की, मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार, कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के सचिव श्री अबू बकर सिद्दीकी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।