
रांची: प्रदेश राजद प्रवक्ता कैलाश यादव ने मोदी सरकार पर करारा प्रहार करते हुए कहा है कि 2014 में सत्ता में आने के बाद से ही यह सरकार राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, बाबा साहब भीमराव अंबेडकर और राममनोहर लोहिया जैसे महान नेताओं का निरंतर अपमान कर रही है। मोदी सरकार की कार्यशैली हमेशा जनविरोधी रही है। यादव ने जोर देकर कहा कि मनरेगा, यूपीए सरकार के तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल की सबसे सफल योजनाओं में से एक थी, जिसने रोजगार गारंटी के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया था। इस योजना की प्रशंसा दुनिया भर में हुई थी।
महात्मा गांधी, आजाद भारत की भूमि का प्रतीक और 140 करोड़ देशवासियों के आदर्श हैं। उनके नाम पर 2005 में मनरेगा कानून बनाया गया था, जिसका उद्देश्य गांधीजी के स्वराज के सपने को साकार करना था। राजद का मानना है कि केंद्र की मोदी सरकार धर्मनिरपेक्ष विचारधारा और जनहित की पहचान को मिटाना चाहती है। इसलिए, राजद ‘VB – राम रोजगार योजना’ का कड़ा विरोध करता है। लोकसभा से मनरेगा का नाम बदलकर नया कानून बनाने का प्रस्ताव पारित करना एक राष्ट्रविरोधी निर्णय है।
मनरेगा का नाम बदलकर, मोदी सरकार ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भगवान राम दोनों का अपमान किया है। राजद इस निर्णय का देशव्यापी विरोध करेगा। यादव ने कहा कि भाजपा ‘बलात्कारी आसाराम बापू’ को अपना आदर्श मानती है और उन्हें ‘पूज्य बापू’ कहती है। यह ‘भारत जलाओ पार्टी’ है, और इसके कट्टरपंथी निर्णयों का जमकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।






