
कोडरमा जिले के प्रतिष्ठित मॉडर्न पब्लिक स्कूल में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में ‘जनजातीय गौरव पखवाड़ा’ का भव्य शुभारंभ हुआ। इस विशेष पखवाड़े के पहले दिन, विद्यालय की प्रात:कालीन प्रार्थना सभा में छात्रों ने एक मार्मिक नाटक का मंचन कर महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और उनके अनमोल योगदान को जीवंत कर दिया। छात्रों ने अत्यंत उत्साह और कुशलता के साथ न केवल बिरसा मुंडा के जीवन की प्रमुख घटनाओं को दर्शाया, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम में उनके असाधारण योगदान और आदिवासी समुदाय के अधिकारों के लिए उनके संघर्ष को भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
इस प्रेरणादायक नाटक में अंकित कुमार, रणवीर कुमार, सुनय सहाना, रौशन कुमार, कुंदन कुमार, किमसी कुमारी, अंश कुमार, विवान कुमार और शशि कुमार ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यालय के शिक्षक संदीप कुमार और शिक्षिका सत्यभामा ठाकुर के कुशल मार्गदर्शन में छात्रों ने यह प्रस्तुति दी। इस जनजातीय गौरव पखवाड़ा का मुख्य ध्येय भारत के वीर जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों की अविस्मरणीय विरासत को उजागर करना, उनकी अनूठी कला, संस्कृति और परंपराओं को प्रदर्शित करना तथा विद्यार्थियों को प्रेरित करना है। इन उद्देश्यों की पूर्ति के लिए विद्यालय परिसर में आने वाले दिनों में विभिन्न प्रकार की गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जो छात्रों को जनजातीय गौरव से जोड़ेगी।




