
रांची जिले के कांके अंचल में मंगलवार को प्रखंड अंचल परिसर में एक विशेष ‘जनता दरबार’ का आयोजन किया गया। इस दौरान, अंचलाधिकारी अमित भगत ने उपस्थित फरियादियों की विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकांश का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया। अमित भगत की यह जन-केंद्रित कार्यशैली न केवल सराहनीय है, बल्कि दूसरों के लिए अनुकरणीय भी साबित हो रही है।
जनता दरबार में दर्जन भर से अधिक आवेदनों पर सुनवाई हुई, जिनमें से अधिकतर का तत्काल निपटारा कर दिया गया। अंचलाधिकारी अमित भगत ने इस अवसर पर जोर देते हुए कहा कि आपसी सहमति से विवादों का समाधान सबसे प्रभावी और स्थायी तरीका होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से निवारण करना है।
अमित भगत ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि उनके लिए सभी नागरिक समान हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की पैरवी या नियमों का उल्लंघन कर आगे आने वालों के आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। उनकी पूरी कोशिश है कि लोगों को कम से कम परेशानी हो और उनके कार्यों को सुगमता से संपन्न कराया जा सके। उन्होंने झारनेट सेवा की धीमी गति और सर्वर संबंधी समस्याओं का भी उल्लेख किया, जिससे लोगों को कार्य करवाने में दिक्कतें आती हैं।
कई लोगों ने बताया कि वे पिछले कई महीनों से अपने कामों को लेकर परेशान थे, लेकिन अमित भगत के हस्तक्षेप से उनका काम एक ही बार में हो गया। इस त्वरित समाधान से खुश दर्जनों नागरिकों ने अंचलाधिकारी अमित भगत को आशीर्वाद और दुआएं देते हुए खुशी-खुशी विदा ली। इस महत्वपूर्ण अवसर पर अंचल निरीक्षक चितरंजन टुडू, उप प्रमुख अजय बैठा, कांके हल्का छ के कर्मचारी संजय कुमार और अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहे।






