
पश्चिमी सिंहभूम में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और झारखंड राज्य की 25वीं वर्षगांठ बड़े ही धूमधाम से मनाई गई। चाईबासा शहर के बस स्टैंड चौक पर स्थित भगवान बिरसा मुंडा की भव्य प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। इस ऐतिहासिक अवसर पर राज्य सरकार के राजस्व, भूमि सुधार एवं परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ उपायुक्त चंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू, जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा, और अपर उपायुक्त प्रवीण केरकेट्टा सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
इस पावन अवसर पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी, नगर परिषद के प्रतिनिधियों, स्थानीय थाना प्रभारियों और सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने भी “धरती आबा” भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और राज्य के गठन के 25 वर्ष पूरे होना हम सभी झारखंडवासियों के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने कहा कि 25 वर्ष की आयु युवावस्था का प्रतीक है, और इसी युवा जोश के साथ हमें राज्य के विकास और प्रगति की जिम्मेदारी को निभाना है। मंत्री ने जोर देकर कहा कि राज्य सरकार झारखंड के निवासियों को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने की दिशा में लगातार प्रतिबद्ध है और इस दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। अंत में, मंत्री, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और अन्य सभी अधिकारियों ने राज्य के सभी नागरिकों को झारखंड स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।





