
रांची: झारखंड में कड़ाके की ठंड का प्रकोप बढ़ने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य के 13 जिलों में शीतलहर चलने की संभावना को देखते हुए मंगलवार को येलो अलर्ट जारी किया है। इस अलर्ट में विशेष रूप से पश्चिमी जिलों जैसे पलामू, गढ़वा, लातेहार और चतरा को शामिल किया गया है। साथ ही, मध्यवर्ती क्षेत्रों के जिले रांची, रामगढ़, बोकारो, खूंटी, गुमला, हजारीबाग, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद भी इस शीतलहर की चपेट में आ सकते हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के उत्तर-पश्चिमी और उससे सटे उत्तरी मध्य भागों में कुछ स्थानों पर ‘शीत दिवस’ (कोल्ड डे) की स्थिति भी बन सकती है। इसके अतिरिक्त, उत्तरी क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाए रहने की भी उम्मीद है। मंगलवार को रांची और इसके आसपास के इलाकों में सुबह मौसम साफ रहा, लेकिन कनकनी काफी अधिक महसूस की गई। राज्य के अन्य जिलों में देर रात और भोर के समय कोहरे का असर देखा गया। रांची के नम इलाकों में भी देर रात कोहरा दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटों के दौरान, राज्य में सबसे अधिक तापमान चाईबासा में 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान गुमला में 2.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मंगलवार को रांची का अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री और न्यूनतम 5.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, जमशेदपुर में अधिकतम 23.4 और न्यूनतम 8.6 डिग्री, डालटेनगंज में अधिकतम 16 और न्यूनतम 5 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 21.6 और न्यूनतम 7.1 डिग्री, चाईबासा में अधिकतम 26.8 और न्यूनतम 9.2 डिग्री, खूंटी में अधिकतम 25.5 और न्यूनतम 3.7 डिग्री, लोहरदगा में अधिकतम 23.4 और न्यूनतम 6 डिग्री, लातेहार में अधिकतम 22.5 और न्यूनतम 4.6 डिग्री, और सरायकेला में अधिकतम 24.7 और न्यूनतम 7.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।






