
झारखंड में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने 26 दिसंबर को रांची और इसके आसपास के 12 जिलों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में पलामू, गढ़वा, चतरा, गुमला, लातेहार, लोहरदगा, हजारीबाग, कोडरमा, खूंटी, रांची, बोकारो और रामगढ़ शामिल हैं।
25 दिसंबर को, राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान चाईबासा में 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान गुमला में 4.0 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जिससे यह झारखंड का सबसे ठंडा स्थान बन गया।
राज्य के 12 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। गुमला में जहां 4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं खूंटी में 6.0, हजारीबाग में 7.2, पाकुड़ में 7.6, सिमडेगा और लातेहार में 7.9 डिग्री सेल्सियस रहा। देवघर और डाल्टनगंज में न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री, लोहरदगा में 8.2, सरायकेला में 8.8, बोकारो में 9.5 और चाईबासा में 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, 26 से 29 दिसंबर तक रांची और आसपास के क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सात से नौ डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 26 और 27 दिसंबर को अधिकतम तापमान लगभग 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सात डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है। 28 दिसंबर को अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम आठ डिग्री के साथ मामूली वृद्धि हो सकती है, जबकि 29 दिसंबर को अधिकतम 23 और न्यूनतम नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज होने की संभावना है।




