
झारखंड में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने 26 दिसंबर को रांची सहित राज्य के 12 जिलों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में पलामू, गढ़वा, चतरा, गुमला, लातेहार, लोहरदगा, हजारीबाग, कोडरमा, खूंटी, रांची, बोकारो और रामगढ़ शामिल हैं।
25 दिसंबर को राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान चाईबासा में 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे न्यूनतम तापमान गुमला में 4.0 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जिससे यह राज्य का सबसे ठंडा स्थान बन गया।
राज्य के 12 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। गुमला में 4.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके बाद खूंटी में 6.0, हजारीबाग में 7.2, पाकुड़ में 7.6, सिमडेगा और लातेहार में 7.9 डिग्री सेल्सियस, देवघर और डालटनगंज में 8.1, लोहरदगा में 8.2, सरायकेला में 8.8, बोकारो में 9.5 और चाईबासा में 9.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, 26 दिसंबर से 29 दिसंबर तक रांची और आसपास के इलाकों में न्यूनतम तापमान सात से नौ डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 26 और 27 दिसंबर को अधिकतम तापमान लगभग 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सात डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है। 28 दिसंबर को अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम आठ डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जबकि 29 दिसंबर को अधिकतम 23 और न्यूनतम नौ डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।






