
कोडरमा: ग्रिज़ली विद्यालय के युवा खिलाड़ियों ने स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एस.जी.एफ.आई.) की 69वीं राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता 2025-26 के लिए आयोजित चयन ट्रायल में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किए हैं। रांची के गणपत राय इंडोर स्टेडियम में हुई इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में झारखंड के 200 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनमें ग्रिज़ली विद्यालय के 7 बालक खिलाड़ियों ने भी दमखम दिखाया।
कोच सौरव कुमार पाठक के कुशल नेतृत्व में, ग्रिज़ली के खिलाड़ियों ने न केवल उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया, बल्कि खेल भावना और अनुशासन का भी अनुकरणीय उदाहरण पेश किया। प्रतियोगिता में पंकज राज, पियूष कुमार, अभिषेक कुमार यादव और सचिन कुमार यादव ने स्वर्ण पदक जीतकर पहला स्थान प्राप्त किया। श्रीकांत गुप्ता, आदर्श कुमार और देवांशु कुमार ने भी तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया।
इस सफलता के साथ, ग्रिज़ली विद्यालय के चार खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करने के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया है। अंडर-14 वर्ग में पंकज राज और पियूष कुमार, जबकि अंडर-19 वर्ग में अभिषेक यादव और सचिन कुमार यादव का चयन 69वीं एस.जी.एफ.आई. राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता 2025-26 के लिए हुआ है।
विद्यालय के सीईओ प्रकाश गुप्ता ने इस ऐतिहासिक जीत पर खिलाड़ियों और कोच को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी अथक मेहनत, समर्पण और नियमित अभ्यास का प्रत्यक्ष प्रमाण है। प्राचार्या अंजना कुमारी ने विजेता छात्रों और कोच सौरव कुमार पाठक की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका यह प्रदर्शन अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का एक महान स्रोत बनेगा। विद्यालय प्रबंधन और सभी कर्मचारियों ने चयनित खिलाड़ियों से आगामी राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में भी इसी तरह का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर ग्रिज़ली विद्यालय, कोडरमा जिले और झारखंड राज्य का नाम रोशन करने की आशा व्यक्त की है।




