
झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का सोमवार सुबह निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उन्होंने दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन पर झारखंड के मुख्यमंत्री और उनके बेटे हेमंत सोरेन ने शोक व्यक्त करते हुए कहा, “गुरुजी हम सभी को छोड़कर चले गए।”
पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का निधन आज सुबह 8:48 बजे हुआ। वह गंगाराम अस्पताल के नेफ्रोद डिपार्टमेंट में भर्ती थे। उन्हें किडनी से संबंधित समस्या थी, साथ ही शरीर में कुछ अन्य परेशानियां भी थीं। उनकी उम्र 81 वर्ष थी।
झारखंड के मुख्यमंत्री और बेटे हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर अपने पिता के निधन की जानकारी देते हुए पोस्ट किया, “आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सभी को छोड़कर चले गए हैं। आज मैं शून्य हो गया हूं।”