झारखंड के गोड्डा में सूर्या हांसदा पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। हांसदा कई आपराधिक मामलों में फरार चल रहा था। यह मुठभेड़ गोड्डा जिला के बोआरिजोर थाना क्षेत्र के जिरली समारी पहाड़ी के पास हुई। मारा गया सूर्या हांसदा राजनीतिक प्रभाव भी रखता था और साहिबगंज जिले के बोरियों विधानसभा सीट से कई बार चुनाव लड़ चुका था।
वर्ष 2019 में, भारतीय जनता पार्टी ने सूर्या हांसदा को बोरियों विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था। 2024 के विधानसभा चुनाव में टिकट न मिलने पर, उसने भाजपा छोड़ दी और जेएलकेएम पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन हार गया।
हांसदा पर अपहरण, हत्या, लूट सहित कई अपराधों के दर्जनों मामले दर्ज थे। पुलिस टीम ने रविवार को उसे देवघर से गिरफ्तार किया था और गोड्डा के ललमटिया जंगल में छिपे हथियार बरामद करने गई थी। इसी दौरान हांसदा ने पुलिस से हथियार छीनकर भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उस पर गोली चलाई, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।